24 मई 2012
‘कोई मेरे हाथ से छिटका हुआ ओलंपिक स्वर्ण ले आए’
06 फरवरी 2012
वार्ता

hindi.in.com अब फेसबुक के ऐप्स पर भी देखें

नई दिल्ली।
'उड़न सिख' के नाम से मशहूर दिग्गज एथलीट मिल्खा सिंह को 1960 के रोम ओलंपिक में पदक के बहुत करीब पहुंचकर फिसल जाने का मलाल आज भी है और वह दुनिया से रुखसत होने से पहले किसी भारतीय एथलीट को ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतते देखना चाहते हैं।

मिल्खा ने रविवार रात यहां एक समाचार चैनल के पुरस्कार समारोह में कहा, मुझे रोम ओलंपिक में स्वर्ण पदक से चूक जाने का मलाल आज भी है। मैं चाहता हूं कि जो पदक मेरे हाथ से छिटक गया था कोई भारतीय एथलीट उसे देश के लिए जीतकर ले आए। यही मेरी अंतिम इच्छा है। 'पद्मश्री' से सम्मानित 76 वर्षीय मिल्खा ने देश में खेलों की मौजूदा स्थिति का जिक्र करते हुए कहा, भारत में खेलों का स्तर लगातार नीचे गिर रहा है। यह बेहद निराशाजनक स्थिति है। हमारे सामने चीन का उदाहरण है जिसने अमेरिका को पछाड़कर खेल महाशक्ति बनने का गौरव हासिल कर लिया है।

उन्होंने कहा, हमें चीन से सीख लेने की जरूरत है। वहां हर आदमी की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय है। इसका परिणाम हमारे सामने है। हमें अपने यहां स्कूलों में खेल को अनिवार्य बनाना चाहिए और जब तक ऐसा नहीं होता है देश में खेलों की तस्वीर बदलने वाली नहीं है। मिल्खा से प्रेरणा लेकर बॉलीवुड निर्देशक राकेश ओमप्रकाश मेहरा 'भाग मिल्खा भाग' नाम से एक फिल्म बना रहे हैं जिसमें फरहान अख्तर और सोनम कपूर मुख्य भूमिका में हैं।

इस समारोह में दिग्गज टेनिस खिलाड़ी और 13 युगल ग्रैंड स्लेम खिताबों के विजेता लिएंडर पेस को 'लीजेंड ऑफ स्पोर्ट्स' पुरस्कार से नवाजा गया। पेस ने भी स्कूलों में खेलों को अनिवार्य बनाने की वकालत की।

पेस ने कहा, टेनिस खेलने के कारण मैं हमेशा स्कूल देर से पहुंचता था और इस कारण ज्यादा समय प्रिंसिपल के कमरे में बैठा रहता था, लेकिन मैं भाग्यशाली रहा कि मेरे माता-पिता ने हमेशा मेरा साथ दिया और यही वजह है कि मैं आज इस मुकाम तक पहुंच सका। दिवंगत क्रिकेटर मंसूर अली खान पटौदी और हाल में अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा कहने वाले पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया को 'लाइफटाइम अचीवमेंट' पुरस्कार से सम्मानित किया गया। दिवंगत पटौदी की पुत्री सबा अली खान ने केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री कपिल सिब्बल से पुरस्कार ग्रहण किया।

ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज विजेन्द्र सिंह और पांच बार की महिला विश्व चैंपियन मुक्केबाज एमसी मैरीकोम, सितारा फुटबॉलर सुनील छेत्री, मोटररेसर करण चंडोक, बिलियर्ड्स खिलाड़ी पंकज आडवाणी और बैडमिंटन सितारा सायना नेहवाल को आउटस्टेडिंग अचीवर पुरस्कार दिया गया। सायना को छोड़कर बाकी सभी खिलाड़ी समारोह में मौजूद थे।

युवा क्रिकेटर विराट कोहली को 'जेनरेशन नेक्स्ट ऑफ क्रिकेट पुरस्कार' दिया गया जो उनके भाई विकास ने ग्रहण किया। बैडमिंटन सितारा ज्वाला गट्टा, ट्रैप शूटर रोंजन सोढी और विंटर ओलंपिक के पदक विजेता शिवा केशवन को 'रॉकस्टार परफारमेंस पुरस्कार' दिया गया।

यह खबर आपको कैसी लगी

10 में से 5 वोट मिले

पाठकों की राय

24 मई 2012

प्रमुख ख़बरें
आज के वीडियो
रुपये में ऐतिहासिक गिरावट, डॉलर के मुकाबले 56 का!
रुपये में ऐतिहासिक गिरावट, डॉलर के मुकाबले 56 का!
देखें, नीतीश के काफिले पर पथराव पर लालू क्या बोले
देखें, नीतीश के काफिले पर पथराव पर लालू क्या बोले
आदर्श घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्रियों शिंदे, देशमुख को समन
आदर्श घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्रियों शिंदे, देशमुख को समन

ख़बरें

© 2011, Web18 Software Services Ltd. All Rights Reserved.