21 मई 2012
मोहाली टेस्ट: पहले दिन का खेल खत्म
17 अक्टूबर 2008
वार्ता

मोहाली। सचिन तेंदुलकर के विश्व रिकॉर्ड की खनक के बीच भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के शुरुआती दिन आज यहां पांच विकेट पर 311 रन बना लिए।

सलामी बल्लेबाज सचिन ने 88 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इस दौरान वह वेस्ट इंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा को पीछे छोड़ सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए।

देखिए- भारत-ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला पर विशेष

सचिन टेस्ट मैचों में 12 हजार रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं। लारा के 11953 के मुकाबले टेस्ट मैचों में उनके अब 12027 रन हो गए हैं।

सचिन ने सौरव गांगुली के साथ पांचवें विकेट के लिए 142 रनों की साझेदारी की। अपनी आखिरी टेस्ट श्रृंखला खेल रहे सौरव टेस्ट मैचों में सात हजार रन बनाने वाले सुनील गावसकर, सचिन और राहुल द्रविड़ के बाद चौथे भारतीय बन गए।

धाकड़ बल्लेबाज सचिन को टेस्ट कैरियर की शुरुआत कर रहे पीटर सिडल ने अपना पहला शिकार बनाया। उनकी ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद सचिन के बल्ले का किनारा लेकर निकली और मैथ्यू हेडन ने पहली स्लिप में उसे मुस्तैदी से लपक लिया।

सचिन ने 88 रनों की अपनी पारी में 185 मिनट क्रीज पर रहते हुए 111 गेंदों का सामना किया और 10 चौके लगाए।

तस्वीरों में- सचिन की ऐतिहासिक पारी

स्टंप्स के समय सौरव 54 और नाइट वाचमैन ईशांत शर्मा दो रन बना कर डटे हुए थे। सौरव ने अब तक 122 गेंदों का सामना करते हुए अपनी पारी में चार चौके भी लगाए हैं ।

सचिन जब क्रीज पर उतरे उस समय लारा को पीछे छोड़ने के लिए उन्हें 15 रनों की दरकार थी। चायकाल के बाद पहले ओवर में सिडल की गेंद को थर्डमैन में खेल उन्होंने यह मुकाम हासिल कर लिया।

दर्शकों ने सचिन के हर रन पर खूब तालियां बजाईं। रिकॉर्ड तक उनके पहुंचते ही आसमान पटाखों के शोर से गूंज उठा। सचिन ने आसमान की ओर सिर उठा कर ईश्वर का शुक्रिया अदा किया। सौरव ने उन्हें गले लगा लिया और ऑस्ट्रेलियाई खिलाडियों ने भी बधाई दी।

सचिन टेस्ट मैचों में 39 शतक और 50 अर्द्धशतक जमा चुके हैं। टेस्ट मैचों में 15 शतक जमा चुके गांगुली ने अपना 35 वां अर्द्धशतक पूरा किया।

सचिन और सौरव ने जब मोर्चा संभाला उस समय भारत की स्थिति कोई खास अच्छी नजर नहीं आ रही थी। उसके चार दिग्गज खिलाड़ी 163 रन के योग पर पैवेलियन का रास्ता नाप चुके थे।

गौतम गंभीर और राहुल द्रविड़ ने दूसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी कर भारत को अच्छी स्थिति में पहुंचा दिया था। लेकिन इसके बाद अचानक ही मेजबान टीम की नैया डगमगाने लगी।

भारत ने चार ओवरों में सिर्फ 17 रन के अंतराल पर तीन विकेट गंवा दिए। ब्रेट ली ने द्रविड़ को चलता किया और इसके बाद मिशेल जॉनसन ने गौतम गंभीर और वीवीएस लक्ष्मण को विकेट के पीछे कैच करा दिया।

द्रविड़ गेंद को ऑफ साइड में खेलना चाहते थे। लेकिन गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर लेग स्टंप से जा टकराई। द्रविड़ ने 39 रनों की अपनी पारी में 70 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके जमाए।

सचिन के पिच पर उतरते ही दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाईं। उन्होंने भी ली की पहली गेंद को पूरे आत्मविश्वास के साथ खेला और जता दिया कि वह लंबी पारी खेलने के इरादे के साथ उतरे हैं।

लेकिन अगले ओवर में गंभीर चलता हो गए। ऑफ स्टंप के बाहर गुडलेंग्थ गेंद को गंभीर ने कवर में खेलने की कोशिश की मगर वह बल्ले का किनारा लेकर हैडिन के दस्तानों में पहुंच गई। गंभीर ने 140 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौकों के साथ 67 रन स्कोर किए।

सचिन और वीवीएस लक्ष्मण ने चार ओवर में 17 रन जोडे़। हैदराबादी उस्ताद लक्ष्मण गेंद को ग्लांस करने के चक्कर में उलझ गए और हैडिन ने उन्हें लपकने में कोई गलती नहीं की।

लक्ष्मण ने दो चौकों के साथ 12 रन बनाए। एक समय भारत का योग एक विकेट पर 146 रन था। लेकिन 163 रन के योग पर उसने चार विकेट गंवा दिए थे।

सुबह के समय गंभीर और वीरेंद्र सेहवाग की सलामी जोड़ी ने 70 रन की साझेदारी करके भारत को शानदार शुरूआत दी। खिली हुई धूप में पिच तेज गेंदबाजों को मदद नहीं कर रही थी और दोनों ओपनरों ने इसका पूरा फायदा उठाते हुए आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। भारत के 50 रन महज नौ ओवरों में ही बन गये थे।

अपने गेंदबाजों की बुरी होती स्थिति से परेशान ऑस्ट्रेलिया के कप्तान रिकी पोंटिंग ने पिछले मैच के सबसे कारगर तेज गेंदबाज रहे मिशेल जॉनसन को याद किया। इस खब्बू गेंदबाज ने अपने कप्तान को तनिक भी निराश नहीं किया। सेहवाग ने जॉनसन की लेग स्टंप के बाहर जाती गेंद को ग्लांस करने की कोशिश की मगर वह बल्ले से होते हुए विकेटकीपर ब्रैड हैडिन के हाथों में समा गयी।

सेहवाग ने 35 रन की स्ट्रोक्स से भरी पारी खेली लेकिन एक बार फिर बढ़िया शुरूआत को बडे़ स्कोर में तब्दील करने से चूक गये। लेकिन सेहवाग के बाद गंभीर ने द्रविड़ के साथ मिलकर पारी को संभाल लिया। भारत लंच तक एक विकेट पर 104 रन बना चुका था।

इससे पहले अनिल कुम्बले को चोटिल कंधे की वजह से इस मैच से हटना पड़ा और भारतीय टीम की कप्तानी का दायित्व महेंद्र सिंह धोनी को मिला। भारत ने कुम्बले के हटने से खाली हुए स्थान पर युवा लेग स्पिनर अमित मिश्रा को अपना पहला टेस्ट मैच खेलने का मौका दिया।

यह खबर आपको कैसी लगी

10 में से 2 वोट मिले

पाठकों की राय

21 मई 2012

Oct 17, 2008

मासा अल्लाह बहुत करारी ख़बर देते हो यार.

jay jha mumbai

Oct 17, 2008

आपकी ख़बरे सबसे बेस्ट, रोचक एवं आपडटेड है.. सुख श्रीवास बिलासपुर, छत्तिसग़र से

Sukhnandan Ram Shrivas Bilaspur

Oct 17, 2008

आपकी ख़बरे सबसे बेस्ट, रोचक एवं आपडटेड है.. सुख श्रीवास बिलासपुर, छत्तिसग़र से

Sukhnandan Ram Shrivas Bilaspur

Oct 17, 2008

जोश18 अच्छी वेबसाइट है...समुचित जानकारी सम्मलित है...ख़ासकर ख़बरें एकदम अपडेट हो जाना....

abhi najibabad

Oct 17, 2008

बस यूँ ही ताबड़तोड़ ख़बरे छापते रहिए बहुत ख़ूब.

Manoj Charan Ratangarh

प्रमुख ख़बरें
आज के वीडियो
सलमान और मेरे बीच सब ठीक है: सोनाक्षी
सलमान और मेरे बीच सब ठीक है: सोनाक्षी
‘बीयर तक नहीं पी थी, दोषी हुआ तो क्रिकेट छोड़ दूंगा’
‘बीयर तक नहीं पी थी, दोषी हुआ तो क्रिकेट छोड़ दूंगा’
देखें, कैसे पिता ने बच्चे को वॉशिंग मशीन में धोया?
देखें, कैसे पिता ने बच्चे को वॉशिंग मशीन में धोया?

ख़बरें

© 2011, Web18 Software Services Ltd. All Rights Reserved.